वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के डिहा गांव में कल रविवार को सड़क चौड़ीकरण के दौरान बिजली पोल शिफ्टिंग का काम कर रहे दो मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अचानक बिजली प्रवाहित होने से हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण को लेकर बिजली के पोल को सड़क किनारे शिफ्ट किया जा रहा था। मजदूरों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से बिजली काटकर काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई और दोनों मजदूर करंट की चपेट में आ गए। बिजली दोबारा कैसे प्रवाहित हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।
एक की मौत, दूसरा घायल
हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 40 वर्षीय नगीना पासवान, पिता रामलगन पासवान, निवासी पावापट्टी, थाना नूरसराय को मृत घोषित कर दिया। वहीं 35 वर्षीय साजन पासवान, पिता श्रीकान्त पासवान, निवासी पावापट्टी, थाना नूरसराय का इलाज चल रहा है।
मृतक के परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक मजदूर का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के संबंध में थरथरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ से हाहाकार: कहीं टूटा बांध तो कहीं डूबी सड़कें, 5 लोगों की डूबकर मौत



