वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत माली टोला में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पति ने अपनी ही 65 वर्षीय पत्नी की धारदार चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति गिन्नी मालाकार को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।
अवैध संबंध के आरोप और प्रताड़ना से था परेशान
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी गिन्नी मालाकार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने सफाई देते हुए बताया कि वह पिछले पांच साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था। आरोपी का आरोप है कि उसका परिवार उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उस पर उसकी भाभी के साथ अवैध संबंधों के झूठे आरोप लगाए जाते थे।
घटना वाले दिन सुबह जब वह चापाकल पर पानी भर रहा था, तब उसकी पत्नी ने जानबूझकर पानी गिरा दिया। विरोध करने पर उसका बेटा मौके पर पहुंचा और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी का कहना है कि मारपीट के दौरान पत्नी ने बीच-बचाव नहीं किया, जिससे गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
बेटे के गंभीर आरोप: जमीन हड़पने की थी सोची-समझी साजिश
मृतका के बेटे उपेंद्र मालाकार ने अपने पिता के सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। बेटे का कहना है कि हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं है। उसकी मां जब सुबह दूध लाने के लिए घर से निकल रही थी, तब आरोपी पिता ने पहले से घात लगाकर उन पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
बेटे के अनुसार, परिवार में कोई बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन आरोपी पिता लंबे समय से अपने नाम जमीन करवाने की जिद को लेकर तमाशा करता था। इस जघन्य हत्याकांड के पीछे जमीन का लालच मुख्य कारण है।
संपत्ति विवाद और पुलिस की कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गिन्नी मालाकार राजगीर के विरायतन में प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे और सेवानिवृत्ति के बाद घर पर ही रहते थे। विरायतन के पास करीब एक एकड़ छह डिसमिल जमीन है, जो आरोपी और उसकी पत्नी के नाम दर्ज है।
राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी कलह का लग रहा है। पुलिस पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।


