समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बेदी बिशनपुर वार्ड-8 में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में अचानक हुए रिसाव के कारण घर में भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि उनकी महज पांच साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से झुलस गई है। इस हृदयघातक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

​खाना बनाने के दौरान हुआ भयानक हादसा

​मृतका की पहचान मोहम्मद अनवर की पत्नी शमीला खातून (30) के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल उनकी 5 साल की बेटी सुहानी खातून का इलाज एक स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
​घटना के संबंध में मृतका के जेठ (भैंसुर) मोहम्मद कमाल ने आपबीती साझा करते हुए बताया कि शुक्रवार की रात शमीला खातून अपने घर के रसोईघर में रोजाना की तरह खाना बना रही थीं। उनकी नन्ही बेटी सुहानी भी बिल्कुल पास ही बैठी हुई थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर की रबर पाइप में अचानक लीकेज हो गया और देखते ही देखते गैस ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरे किचन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि मां और बेटी दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गई।

​चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

​किचन से अचानक उठती ऊंची लपटों और मां-बेटी की चीख-पुकार को सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसी हुई मां-बेटी को तुरंत आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शमीला खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी हुई पांच साल की मासूम सुहानी की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है, और डॉक्टर उसकी जान बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

​मजदूरी के लिए दिल्ली में रहता है पति

​परिवार के मुखिया और मृतका के पति मोहम्मद अनवर वर्तमान में रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। घटना की जानकारी जैसे ही उन्हें मिली, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी की मौत और बच्ची की गंभीर हालत की खबर सुनकर वह तुरंत दिल्ली से अपने घर समस्तीपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। मृतका शमीला खातून अपनी प्यारी बच्ची के साथ समस्तीपुर स्थित अपने घर पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थीं।

​पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच जारी

​इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
​इस पूरे मामले को लेकर पटोरी डीएसपी बीके मेधावी ने बयान जारी करते हुए बताया है कि आग की चपेट में आने से एक महिला की असामयिक मौत हुई है और उनकी छोटी बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई है। पुलिस परिजनों और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है तथा हर संभावित बिंदु को ध्यान में रखकर गहनता से मामले की जांच की जा रही है।