वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नूरसराय प्रखंड अंतर्गत परिऔना पंचायत के कुबड़ा बिगहा गांव निवासी छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवान विनोद पासवान का हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर के पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि जुटे।

मंत्री और सांसद ने दी श्रद्धांजलि

बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा में जवानों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि विनोद पासवान एक मेहनती और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे तथा उनके निधन से जिले और राज्य को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया।

गांव ने नम आंखों से दी वीर सपूत को अंतिम विदाई

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जवानों की मुस्तैदी की वजह से पूरा देश सुरक्षित रहता है और नागरिक चैन की नींद सोते हैं। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे गांव ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

ये भी पढ़ें- हत्या या फिर हादसा? नमामि गंगे घाट पर लावारिस शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस