अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित नमामि गंगे घाट पर आज गुरुवार (25 जून) की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब घाट किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का लावारिस हालत में शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने की खबर देखते ही देखते आग की तरह फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

शव का पहचान करने में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सुल्तानगंज थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

हत्या या डूबकर मौत?

पुलिस इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लावारिस शव गंगा में बहकर यहां तक पहुंचा है या फिर किसी ने इसकी हत्या करने के बाद शव को गंगा में फेंक दिया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो हैं।

PM रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- थार-बाइक की टक्कर में ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम