प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में आज गुरुवार (25 जून) को हुए थार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कैमूर बक्सर बॉर्डर के राजपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के समीप की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद थार चालक घायल बैंक मैनेजर को रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाकर मौके से फरार हो गया, जहां अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा जांच करने पर पता चला कि बाइक सवार बैंक मैनेजर की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने थार को किया जब्त
मृतक की पहचान पटना निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जो ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर सिकरौल में कार्यरत थें। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल थार को दुर्गा चौक के समीप से जब्त कर लिया।
परिजनों में मचा कोहराम
रामगढ़ थानाध्यक्ष द्वारा घटना की सूचना बक्सर जिले के राजपुर थाना को दी गई, जिसके बाद राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस थार को जब्त कर राजपुर थाना ले गई है तथा मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दिया गया है, जहां मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग बनी काल, गोली लगने से 10 साल के मासूम की गई जान

