Bihar Crime: बिहार के जहानाबाद में तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद अचानक खुशियों से भरा माहौल मातम और चीख-पुकार में तब्दील हो गया। बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा मामला जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव की है।

नाच-गाना देखने पहुंचे थे लोग

मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी कृष्ण यादव के पुत्र का तिलक था। समारोह को लेकर परिवार के लोग काफी-खुश थे। इस दौरान परिवार की तरफ से सांस्कृतिक नाच-गाने का भी आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए काफी संख्या में बड़े-बुजुर्ग और बच्चे पहुंचे हुए थे। मृतक रोशन कुमार भी गांव के अन्य बच्चों के साथ प्रोग्राम देखने के लिए आया हुआ था।

हर्ष फायरिंग के दौरान सिर में लगी गोली

इसी दौरान एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर स्टेज पर चढ़ गया और फायर किया। बताया जा रहा है कि फायर करने पर पहली गोली नहीं चली, जिसके बाद वह दोबारा पिस्तौल को लोड करने लगता है। इसी दौरान अचानक गोली चल जाती है, जो सीधे प्रोग्राम देखने आए रोशन कुमार के सिर में जा लगती है। गोली लगते ही मौके पर हड़कंप मच जाता है। आनन-फानन में परिजन व अन्य लोग बच्चे को लेकर तुरंत घोसी सीएचसी पहुंचते हैं, जहां डॉक्टर रोशन को मरा हुआ घोषित कर देते हैं।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज देती है और मामले की छानबीन में जुट जाती है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। गोली चलाने वाले युवक का नाम निकी उर्फ रविशंकर बताया जा रहा है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ​भरत तिवारी एनकाउंटर: न्यायिक जांच टीम पहुंची बिलौटी, 8 दिन बाद परिजनों से मिले SP, बढ़ी CBI जांच की मांग