वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा और सफल अभियान चलाया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दो ट्रक और एक एसयूवी (XUV) वाहन को जब्त किया है। इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं और धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मामला नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ट्रकों के जरिए अवैध शराब की एक बड़ी खेप लाई गई है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार और उनकी टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर दबिश दी और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।

तस्करों और वाहन चालकों की तलाश जारी
पुलिस की इस अचानक की गई छापेमारी से तस्करों में खलबली मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों ट्रकों के चालक और अन्य धंधेबाज मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए तमाम साक्ष्य जुटा रही है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
सदर डीएसपी अमरनाथ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को यह पुख्ता सूचना मिली थी कि ट्रक में भरकर भारी मात्रा में शराब बेना लाई गई है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह अवैध शराब की खेप आखिरकार कहां से मंगाई गई थी और इसे नालंदा के किन-किन इलाकों में खपाया जाना था। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट और तस्कर नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



