कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन दिनों बिहार के दौरे पर हैं। शिक्षक दिवस के खास मौके पर उन्होंने राजधानी पटना के ज्ञान निकेतन विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महावीर मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक और पूर्व आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय किशोर कुणाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिक्षा और शिक्षकों को समर्पित एक खास दिन
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश के पहले उपराष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन कोद याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस का यह दिन हर उस गुरु के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर है, जिन्होंने हमें शिक्षा प्रदान कर इस मुकाम तक पहुंचाया और इस योग्य बनाया।

समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में आगे कहा कि शिक्षक समाज की वह अमूल्य पूंजी हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के नई पीढ़ी को गढ़ने और संवारने का काम करते हैं। एक योग्य शिक्षक ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों के योगदान को नमन किया और विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने डॉ. राधाकृष्णन और स्वर्गीय किशोर कुणाल के व्यक्तित्व व कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।



