वीरेंद्र कुमार, नालंदा। नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। विद्यार्थियों के आग्रह को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक विद्यार्थी 21 सितंबर 2026 तक नामांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

छात्रों ने की थी तिथि बढ़ाने की मांग

दरअसल, नामांकन लेने के इच्छुक कई आवेदकों ने नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी प्रशासन को आवेदन के माध्यम से अवगत कराया था कि बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बिजली और नेटवर्क की सुविधा लगातार बाधित हो रही है। इसकी वजह से विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने छात्रहित में नामांकन की तिथि बढ़ाने का आग्रह किया था।

21 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे छात्र

विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कुलपति प्रोफेसर रवींद्र कुमार और कुलसचिव प्रोफेसर अभय कुमार सिंह ने नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, स्नातकोत्तर विज्ञान, कला एवं वाणिज्य, स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम, चार वर्षीय स्नातक कला एवं विज्ञान, बी.एल.आई.एस., एम.एल.आई.एस., बी.सी.ए., एम.सी.ए. (140 सीटें), रजिस्ट्रेशन और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में नामांकन की तिथि बढ़ाकर 21 सितंबर 2026 कर दी गई है।

महिला विद्यार्थियों को नामांकन शुल्क में 25 प्रतिशत छूट

खास बात यह है कि सभी पाठ्यक्रमों में महिला विद्यार्थियों को पूर्व की तरह नामांकन शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी। ऐसे में जो विद्यार्थी अब तक किसी कारणवश नामांकन नहीं करा पाए हैं, उनके पास आवेदन करने का एक और मौका है। विश्वविद्यालय से संबंधित नामांकन और पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें- ‘जब प्रदेश का मुखिया ही….’, दिल्ली चप्पल कांड पर प्रशांत किशोर ने CM सम्राट को भी लपेटा