वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित पेढ़का गांव में शनिवार की शाम उस समय दहशत फैल गई जब दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। अचानक हुई इस भीषण मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

​मामूली विवाद से शुरू हुआ तांडव

​स्थानीय निवासियों और घायलों के बयानों के अनुसार हिंसा की चिंगारी लड्डू कुमार की गुमटी पर भड़की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे गुट के कुछ युवक वहां कोल्ड ड्रिंक पीने पहुंचे लेकिन पैसे मांगने पर दुकानदार के साथ बदसलूकी करने लगे। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित अनीता देवी और राजकुमार ने बताया कि थोड़ी ही देर में दूसरे गुट के लोग लाठी-डंडे लोहे की रॉड और अन्य घातक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों के पास हथियार भी थे और उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।

​घायलों की स्थिति गंभीर

​इस हिंसक झड़प में गौरा देवी, मंगल, लड्डू कुमार, राजकुमार, अनीता देवी और रिंकू देवी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद सभी को बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण मंगल और लड्डू कुमार को पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

​पुरानी रंजिश का है मामला

​ग्रामीणों के अनुसार यह कोई अचानक हुई घटना नहीं है। दोनों गुटों के बीच पहले से ही कड़वाहट थी। हाल ही में गांव में हुई अखंड पूजा के दौरान गेट खोलने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश के कारण शनिवार की सुबह भी कहासुनी हुई थी, जो शाम को क्रिकेट खेल रहे युवकों पर हमले के साथ बड़े हिंसक रूप में बदल गई।

​पुलिस की कड़ी कार्रवाई का आश्वासन

​घटना की जानकारी मिलते ही मानपुर पुलिस समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी संकेत कुमार ने स्थिति को नियंत्रित किया और बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल कैंप कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और उपद्रव करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में हालात सामान्य होने की कोशिश की जा रही है।