वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित दसवीं सीनियर नेशनल गतका चैंपियनशिप 2026 में नालंदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है। विनर्स स्पोर्ट्स एकेडमी ऑफ इंडिया, नालंदा के खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी प्रतिभा, साहस, अनुशासन और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

नेहा कुमार ने हासिल किया स्वर्ण पदक

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की ओर से विनर्स स्पोर्ट्स एकेडमी के विकाश सिंह, बिपिन कुमार, शालिनी रंजन, नेहा कुमारी, सत्यम सिंह, रौशन रंजन और मोहित ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्तर के इस मुकाबले में खिलाड़ियों को कई कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और दमखम के साथ अपना शानदार प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप में नेहा कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल कर नालंदा और बिहार का मान बढ़ाया। वहीं विकाश सिंह और बिपिन कुमार ने रजत पदक, जबकि शालिनी रंजन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा सत्यम सिंह, रौशन रंजन और मोहित ने भी प्रतियोगिता में पूरे जोश के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के बाद जब खिलाड़ी बिहार लौटे तो श्रमजीवी बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। भाजपा बिहार शरीफ ग्रामीण पश्चिमी मंडल अध्यक्ष रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों को फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर रजनीश कुमार ने कहा कि नालंदा के हर युवा को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नालंदा का बेटा हो या बेटी, अगर वह पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़े तो देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना सकता है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का झंडा बुलंद कर सकता है।

उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानने और लगातार मेहनत व अभ्यास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नालंदा के खिलाड़ियों की यह सफलता जिले के दूसरे युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी।

खिलाड़ियों को दी गई शुभकामनाएं

एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक की इस उपलब्धि ने विनर्स स्पोर्ट्स एकेडमी ऑफ इंडिया के साथ-साथ नालंदा और पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस सफलता के बाद जिले के खेलप्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। विनर्स स्पोर्ट्स एकेडमी ऑफ इंडिया की ओर से सभी पदक विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

ये भी पढ़ें- ‘नीतीश मनाते, तो हम मान जाते’, नीरज कुमार से विवाद पर अनंत सिंह का बड़ा बयान