वीरेंद्र कुमार, नालंदा। पांच साल के लंबे प्रेम प्रसंग और शादी के वादे से मुकरने के बाद एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। आरोपी ने शादी की जिद करने पर युवती को चलती बाइक से बीच सड़क पर करीब 100 मीटर तक घसीटा।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रूरता की हदें पार करने वाला यह आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में सरकारी पद (अमीन) पर तैनात है। दोनों के बीच पिछले पांच साल से गहरा प्रेम संबंध चल रहा था। घटना से चार-पांच दिन पहले आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा था। इस दौरान जब युवती ने उससे अपने हक यानी शादी की बात कही, तो आरोपी आगबबूला हो गया और वादे से मुकरने लगा।

​चीखती रही प्रेमिका, नहीं पसीजा दिल

​शादी की बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी बाइक स्टार्ट की और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। युवती ने जब उसे रोकना चाहा, तो दरिंदे प्रेमी ने इंसानियत की सभी हदें पार करते हुए बाइक की रफ्तार और तेज कर दी। युवती बाइक को पकड़कर जमीन पर करीब 100 मीटर तक घिसटती रही और अपनी जान की भीख मांगती रही, लेकिन उस बेरहम के दिल में थोड़ी भी दया नहीं आई।

​भीड़ ने की धुनाई, खुद को बताया पति

​गनीमत यह रही कि कुछ दूर जाने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आरोपी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। घबराहट और खुद को बचाने के लिए शातिर प्रेमी ने भीड़ को गुमराह करने की कोशिश की। उसने इस पूरी घटना को घरेलू झगड़ा बताते हुए उस युवती को अपनी पत्नी तक कह डाला, ताकि लोग उस पर यकीन कर लें।

​पुलिस की कार्रवाई

​राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह पूरा विवाद शादी से जुड़ा हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी एक सरकारी अमीन है। पीड़ित युवती ने अब इस मामले में नवादा के नारदीगंज थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।