वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम हादसे में एक ही परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिता और उनकी तीन साल की बेटी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका आठ साल का बेटा गंभीर रूप से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
पत्नी से मिलने जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा
मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश अपनी तीन वर्षीय बेटी दिवांशी और आठ वर्षीय बेटे ऋषव राज को बाइक पर बैठाकर पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तरौरा गांव जा रहे थे।
कमलेश की पत्नी रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में पटना जिले में अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। कमलेश अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर पत्नी से मिलने के लिए निकले थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और नूरसराय थाना क्षेत्र के परीऔना गांव के पास एक प्लांट के समीप यह भीषण हादसा घटित हो गया।

मृतक का प्रोफाइल फोटो
तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को सीधे जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
इस जबरदस्त टक्कर की चपेट में आने से कमलेश कुमार और उनकी छोटी सी बेटी दिवांशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका बड़ा बेटा ऋषव राज इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल बच्चे को बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा। डॉक्टरों द्वारा कागजी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम पूरा कराने के बाद शवों को उनके शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद से अज्ञात वाहन चालक अपनी गाड़ी समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अब इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी माध्यमों से वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से मिलने वाले लिखित आवेदन के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे मेयार गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।


