वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़े एक अधेड़ की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसा बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर दस्तूरपुर मोड़ स्थित जोगिया फोर लेन के पास शिव शक्ति होटल के समीप हुआ। मृतक की पहचान गुंजरचक गांव निवासी 53 वर्षीय सोहन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोहन राम चंडी स्थित एक होटल में काम करते थे।

बातचीत के दौरान हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार ड्यूटी के बाद सोहन राम अपने कुछ दोस्तों के साथ सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल चंडी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।