वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के सरथुआ खुर्द गांव में सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी देवनन्दन पासवान के पुत्र सन्नी पासवान के रूप में की गई है। शुरुआती विवरण के अनुसार, सन्नी सोमवार को अपने घर से खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे अचानक घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।


परिजनों का गंभीर आरोप और तीन लोगों के नाम
मृतक के भाई रखु कुमार ने इस घटना के संबंध में सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उनके मुताबिक, जब सन्नी खेत की ओर जा रहा था, तब रास्ते में 7 से 8 अज्ञात बदमाशों के साथ-साथ गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से सन्नी को तीन गोलियां मारीं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक के भाई ने गांव के ही रहने वाले मथुरी सिंह, सचि सिंह और हवलदार सिंह पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का यह भी दावा है कि इनमें से एक मुख्य आरोपी बिहार पुलिस का एक रिटायर्ड कर्मी है। इस खूनी संघर्ष और हत्याकांड की मुख्य वजह पुराना जमीनी विवाद बताई जा रही है, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी।
पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया और जांच
वारदात की सूचना मिलते ही खुदागंज थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए गंभीर रूप से घायल सन्नी पासवान को उठाकर नजदीकी इस्लामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डयूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए हिलसा डीएसपी-2 ऋषिराज ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से सुरक्षा और साक्ष्य संकलन के मद्देनजर घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटॉरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की बहुत ही बारीकी से जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


