वीरेंद्र कुमार/बिहारशरीफ। बिहार के नालंदा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह बधार इलाके में एक 32 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। शव मिलने की सूचना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान गोलापर निवासी सुधीर साव के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है।

​मजदूरी पर निकला था, वापस नहीं लौटा राजन

​परिजनों के अनुसार राजन कुमार पेशे से एक मेहनती मजदूर था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह मंगलवार की सुबह घर से ढलाई के काम के लिए निकला था लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों ने सोहडीह बधार में 17 नंबर पावर ग्रिड के उत्तर दिशा में एक शव पड़ा देखा, तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

​शरीर पर मिले चोट के निशान, शराब माफिया पर शक

​स्थानीय वार्ड पार्षद विनोद रविदास की सूचना पर सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह साफ जाहिर हो रहा था कि यह एक सुनियोजित हत्या है। मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान थे, जो यह संकेत देते हैं कि अपराधियों ने उसे बेरहमी से पीटा है।
​घटनास्थल पर पुलिस को देसी शराब के खाली पाउच और नमकीन के रैपर भी मिले हैं। मृतक के भाई साजन कुमार ने इस पूरे मामले में इलाके में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि राजन की हत्या के पीछे शराब माफिया या नशेड़ियों का गिरोह हो सकता है।

​पुलिस जांच में जुटी, एफएसएल टीम को बुलाया गया

​सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है, जो हत्या की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

​मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

​इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। राजन दो मासूम बच्चों का पिता था। पिता की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं।