वीरेंद्र कुमार/नालंदा। बिहार थाना क्षेत्र के सूफी नगर मोहल्ले में 23 अप्रैल को हुई भीषण गोलीबारी की घटना का पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है। यह मामला न केवल आपसी रंजिश का है, बल्कि इसमें विश्वासघात और सुपारी किलिंग का भी पुट सामने आया है। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि जिस जमीन के टुकड़े के लिए यह खूनी खेल खेला गया, उसमें जान लेने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का करीबी ही निकला।
रिमांड पर टूटे आरोपी, उगला सारा सच
पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपितों, बेचू मियां उर्फ लंगड़ा और मन्नू को रिमांड पर लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि यह पूरी वारदात सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी, जिसे अंजाम देने के लिए बाकायदा रकम तय की गई थी।
घटनाक्रम: सरेआम हुई थी अंधाधुंध फायरिंग
बता दें कि 23 अप्रैल को सूफी नगर इलाके में अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर मोहम्मद सोहन और उनके पुत्र अली फरहान को लहूलुहान कर दिया था। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन इलाज के दौरान मोहम्मद सोहन ने दम तोड़ दिया। उनके पुत्र अली फरहान की जान कड़ी मशक्कत के बाद बचाई जा सकी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था।
80 हजार की सुपारी और जमीन का विवाद
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक के अनुसार, इस हत्याकांड की जड़ बड़ी दरगाह के पास स्थित एक विवादित जमीन थी। मृतक मोहम्मद सोहन और मोहम्मद एहतिशाम के बीच इस जमीन को लेकर पुराना विवाद था। एहतिशाम उस जमीन को बिकने नहीं देना चाहता था। इसी बाधा को दूर करने के लिए एहतिशाम ने बेचू मियां को ‘काम’ सौंपते हुए 80 हजार रुपये की सुपारी दी थी।
नशे की हालत में अंजाम दी वारदात
जांच में खुलासा हुआ कि घटना के दिन बेचू मियां ने सोहन को जमीन बेचने से मना किया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। नशे में धुत बेचू मियां ने आपा खो दिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फिलहाल पुलिस इस कांड में संलिप्त अन्य सफेदपोशों और अपराधियों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सभी को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

