कुंदन कुमार/पटना। बिहार भाजपा के कद्दावर नेता और पटना पश्चिम के पूर्व विधायक स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 77वीं जयंती सोमवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। पटना के शास्त्री नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उनके पुत्र और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

​पुत्र नितिन नवीन ने किया पिता के आदर्शों को याद

​श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नितिन नवीन ने अपने पिता के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा का संपूर्ण जीवन समाज सेवा और संगठन के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा, मेरे पिता के लिए राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का एक पवित्र मार्ग थी। आज भी उनके आदर्श, सरलता और कर्मठता मुझे सार्वजनिक जीवन में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

​क्षेत्र के विकास में रहा अतुलनीय योगदान

​नितिन नवीन ने क्षेत्र के विकास में अपने पिता की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पटना पश्चिम के आधुनिक स्वरूप की नींव रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। अपनी सादगी के कारण वे आम जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे और आज भी लोगों का उनसे वैसा ही जुड़ाव बना हुआ है।

​वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

​इस अवसर पर दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं, पार्षदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उपस्थित नेताओं ने स्व. सिन्हा को संगठन का एक मजबूत स्तंभ बताया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल गरिमामय और प्रेरणादायक रहा।