वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक बड़ी और बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां छबिलापुर थाना क्षेत्र के राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के समीप आज मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने 25 वर्षीय महिला प्राचार्या को कुचल दिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
स्कूल परिसर में ही रहती थीं मृतका
मृतका की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है। वह राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में प्राचार्या के पद पर कार्यरत थीं और अपने परिवार के साथ स्कूल परिसर में रहती थीं। उनके पति संजीत कुमार इसी विद्यालय में डायरेक्टर हैं।
पति की लंबी आयु के लिए रखा था तीज व्रत
परिजनों ने कहा कि ममता कुमारी ने पति की लंबी आयु के लिए तीज व्रत रखा था। पड़ोस में तीज की पूजा संपन्न करने के बाद वह सड़क पार कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक ममता कुमारी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। मां की मौत की खबर के बाद दोनों बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण घटनास्थल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने, फरार हाइवा चालक की गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही छबिलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ग्रामीणों को समझाने के साथ ही फरार हाइवा और चालक की पहचान में जुटी है। आसपास के CCTV कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में UCC को लेकर NDA में बढ़ी बेचैनी, JDU के विरोध के बीच चिराग पासवान का रुख आया सामने



