​नालंदा। जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। राजगीर के ऐतिहासिक राजकीय मलमास मेले से दर्शन और कुंड स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक सीएनजी टेंपो को अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​कैसे हुई घटना?

​पीड़ित परिवार शनिवार की रात मलमास मेला घूमने के लिए राजगीर पहुंचा था। रविवार सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच सभी लोग टेंपो में सवार होकर अपने गांव कोचरा लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो छबीलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप पहुंचा सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए।

​मृतकों और घायलों की स्थिति

​घटनास्थल पर ही एक महिला एक पुरुष और एक मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया। मृतकों में नालंदा और गया जिले के निवासी शामिल हैं। परिजनों के अनुसार मृतकों में नतनी, समधिन और भतीजा गुड्डू शामिल हैं। इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं जिनमें से तीन की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स (VIMS) रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।

​प्रशासन की कार्रवाई और इलाके में शोक

​हादसे की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता और छबीलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है।