वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन यानी एनएच-20 पर आज बुधवार की सुबह-सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव के पास हुआ, जहां बिस्किट से लदा एक ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराया।
नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
मृतक की पहचान नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के खजूरी बिगहा निवासी रामेश्वर प्रसाद यादव के 28 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुमंत कुमार ने बताया कि विपिन कुमार मुजफ्फरपुर से बिस्किट लादकर रांची जा रहे थे। रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गया।
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल पावापुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर (मॉडल) अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की वजह से एनएच-20 के दोनों तरफ यातायात की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने हीं दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतक चालक के परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- नालंदा: बेकाबू ट्रैक्टर ने 100 मीटर तक घसीटा, इलाज के दौरान छात्रा ने तोड़ा दम


