वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बीते शनिवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 14 वर्षीय छात्रा की आज मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इलाके को लोगों में भी शोक की लहर है।
घर की सबसे छोटी बेटी थी मृतका
मृतक छात्रा की पहचान गंगा बिगहा गांव निवासी रमेश प्रसाद की 14 वर्षीय पुत्री रत्नशीला कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रत्नशीला तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी और गांव के एक निजी स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा थी।
ट्रैक्टर ने 100 मीटर तक घसीटा
मृतका के भाई रोहित कुमार बताया गया कि शनिवार की सुबह वह साइकिल से अपनी बहन के घर दीपनगर बाजार जा रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों की मदद से उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन आज बुधवार की सुबह तबीयत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
छात्रा के मौत की खबर सुनती ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर की पहचान कर ली है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें- आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली! खेत में धान रोप रही महिला की दर्दनाक मौत


