वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीपुर गांव में कल मंगलवार की देर शाम अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खेत में धान की रोपाई कर रही 50 वर्षीय महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

थान की रोपाई करते समय हादसा

मृतका की पहचान मोहद्दीपुर निवासी नारवाद राम की पत्नी राजदुलारी देवी के रूप में हुई है। मृतका के पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि राजदुलारी देवी खेत में धान रोप रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हुई। इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

परिजन उन्हें तत्काल बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

थानाध्यक्ष मुरली आजाद ने बताया कि इस मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मृतका के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आकाशीय बिजली से महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें- Bihar Monsoon Session: बिहार मानसून सत्र का तीसरा दिन आज, सदन में हंगामे के पूरे आसार