वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अलांवा पंचायत के लढ़ुआरी मठियापर गांव में मंगलवार को यहां 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव के ही रहने वाले पिंटू कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से परिवार और गांव में कोहराम मचा हुआ है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति पिंटू कुमार का गांव की ही एक अन्य शादीशुदा महिला के साथ कथित तौर पर लंबे समय से अवैध संबंध चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन गंभीर विवाद और कलह होती रहती थी। पिंटू चेन्नई में रहकर मजदूरी का काम करता था और घटना से महज 10 दिन पहले ही अपने गांव वापस लौटा था। गांव लौटने के बाद भी दोनों के बीच स्थिति सामान्य नहीं हुई थी।

​ मृतिका का प्रोफाइल फोटो

विवाद और मारपीट का आरोप

​मृतका की चाची सास संजू देवी ने इस मामले में खुलासा करते हुए बताया कि प्रीति अपने पति को उस महिला के घर जाने से लगातार मना करती थी। घटना की सुबह भी प्रीति अपने पति को बुलाने के लिए उसी महिला के घर पहुंच गई थी। वहां दोनों के बीच तीखी नोकझोंक, विवाद और मारपीट होने की बात सामने आई है। विवाद के बाद प्रीति वहां से वापस अपने घर लौट आई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। प्रीति अपने पीछे एक छोटी सी बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गई है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही परवलपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका का मायका जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में स्थित है। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।
​मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति और उसके सहयोगियों पर गला घोटकर हत्या करने और बाद में शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने जानकारी दी है कि मृतका के मायके वालों की ओर से मिले लिखित आवेदन के आधार पर, पति समेत कुल चार लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश तेजी से की जा रही है।