वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहारशरीफ सदर अस्पताल में प्रसव के बाद 23 वर्षीय महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने निजी क्लीनिक में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। मामला सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर स्थित केशव केयर क्लीनिक का है।
मृतका की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के अबजलबीघा गांव निवासी सुजीत कुमार की 23 वर्षीय पत्नी शरीफ कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का केशव केयर क्लीनिक में ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और क्लीनिक पहुंचकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को NH-20 पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
पुलिस के आश्वासन पर हटा जाम
सड़क जाम होने के कारण बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि जाम के कारण करीब 22 किलोमीटर तक वाहनों की कतार पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस के अनुसार, मामले में लिखित आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- सीट कवर फाड़ने के आरोप में 13 साल की बच्ची की पीट-पीटकर हत्या, बड़े चाचा पर लगा आरोप


