नालंदा। जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया है जहां पुरानी रंजिश के चलते पटना जिले के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

​क्या है पूरा मामला?

​मृतक की पहचान पटना जिले के भदौर थाना अंतर्गत डुमरिया गांव निवासी स्वर्गीय रामप्रीत महतो के 20 वर्षीय पुत्र भगवन कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब 10 बजे सरमेरा पुलिस को सूचना मिली कि बड़ी घरियारी गांव के पास स्थित खंधा में कुछ बदमाशों ने एक युवक को बंधक बनाकर गंभीर रूप से पीटा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

​प्रेम प्रसंग का है मामला

​सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद के मुताबिक यह वारदात लड़की भगाने के शक और पुरानी रंजिश के कारण अंजाम दी गई है। घटना के बाद मृतक की मां के लिखित आवेदन पर सरमेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मौके से एक क्षतिग्रस्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

​विशेष टीम ने चार आरोपियों को दबोचा

​घटना के खुलासे और गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था जिसमें शैलेश कुमार झा विक्रम कुमार व अन्य शामिल थे। डीआईयू टीम की मदद से तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
​गिरफ्तार आरोपियों में बड़ी घरियारी निवासी इन्द्रजित कुमार उर्फ तेरे नाम, अभय कुमार उर्फ बुगला, विकास महतो और मानाचक निवासी प्रदुमन कुमार शामिल हैं। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस की टीमें मुख्य आरोपी को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। इलाके में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।