ग्योंग में नमो क्रिकेट लीग का आयोजन, मंत्री ने खिलाड़ियों को दिलाई शपथ
कैथल। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में बिना रुके और बिना थके देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। आज भारत की पहचान दुनिया में मजबूत हुई है और देश का प्रभाव वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। सरकार ने किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और सैनिक समेत समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू कर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम किया है।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सोमवार को गांव ग्योंग के स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को शपथ भी दिलाई और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मंत्री ने क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ियों के साथ कुछ शॉट भी लगाए। इसके बाद उन्होंने कैथल, पट्टी अफगान और मालखेड़ी की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई और उनसे बातचीत की।
मंत्री ने कहा कि आगामी 17 अक्टूबर तक प्रदेश में संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को अभियान से जोड़ा जा रहा है और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है।
पट्टी अफगान ने कैथल को हराया
नमो क्रिकेट लीग के मुकाबले में पट्टी अफगान की टीम ने कैथल की टीम को हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। जीत के बाद पट्टी अफगान की टीम को आगे होने वाली क्रिकेट लीग के लिए चुना गया है। अब यह टीम पंचकूला में आयोजित होने वाली क्रिकेट लीग में हिस्सा लेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल और जिला परिषद के सदस्यों ने मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।



