गाजियाबाद. गाजियाबाद की लोनी सीट से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है. सुप्रीम कोर्ट के बाहर इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. गुर्जर ने यहां तक कहा कि राहुल गांधी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए और उन्हें जेल भेजना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और दोनों दलों की मान्यता खत्म करने की भी मांग की.

इसे भी पढ़ें- साजिश की सियासतः मायावती ने बसपा के खिलाफ फेक सर्वे चलाने का किया दावा, UP में सरकार बनाने को लेकर दिया बड़ा मैसेज

सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन पर जताई नाराजगी

गाजियाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान नंदकिशोर गुर्जर ने सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए विरोध मार्च को गंभीर मामला बताया. उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की अपील की. विधायक ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान हैं.

अखिलेश यादव की सरकार पर लगाए आरोप

बीजेपी विधायक ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते आतंकवाद से जुड़े मामलों में आरोपियों को रिहा करने का प्रस्ताव लाए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव में हार और जीत लोकतंत्र का हिस्सा है. विपक्षी नेताओं को जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए.

राहुल गांधी ने निकाला था मार्च

हाल ही में राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकाला था. राहुल गांधी ने इस मामले में मुख्य न्यायाधीश से मिलने की इच्छा जताई थी, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी. इस मार्च को लेकर बीजेपी नेताओं ने विपक्ष की आलोचना की है.

इसे भी पढ़ें- 2 मिनट में 6 थप्पड़, सिद्धार्थनगर में अल्ट्रासाउंड के दौरान छेड़छाड़, डॉक्टर की पिटाई का वीडियो वायरल

बृजभूषण शरण सिंह भी कर चुके हैं आलोचना

पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी मार्च को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षी नेता लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रहे हैं और देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं. इस मुद्दे पर बीजेपी और इंडिया गठबंधन के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.