गुलशन कुमार , नारनौल। नांगल चौधरी स्थित Indian Public School में पास आउट विद्यार्थियों को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC) नहीं दिए जाने का मामला अब भी अनसुलझा है। शिकायत के बाद जब शिक्षा विभाग की टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची, तो वहां ताला लगा मिला और टीम को बिना जांच किए ही लौटना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी Vikas Jaydeep पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे थे। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही स्कूल संचालक परिसर में ताला लगाकर वहां से जा चुका था। इसके कारण विभागीय टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोबारा टीम स्कूल जाकर न सिर्फ SLC विवाद की जांच करेगी, बल्कि स्कूल की मान्यता और दस्तावेजों की भी गहन जांच की जाएगी। यदि जांच में अनियमितता या मान्यता संबंधी खामियां पाई जाती हैं तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता अनीता ने आरोप लगाया था कि स्कूल की पूरी फीस जमा होने के बावजूद बच्चों को SLC नहीं दिया जा रहा है, जिससे छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। इस शिकायत के बाद दोनों पक्षों को बीईओ कार्यालय में बुलाया गया था, लेकिन वहां भी कोई समाधान नहीं निकल सका।
इसके बाद विभाग पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा, ताकि विवाद का निपटारा किया जा सके और दस्तावेजों की जांच की जा सके, लेकिन स्कूल बंद मिलने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।
टीम ने स्कूल संचालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बाद में थाने से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, हालांकि काफी इंतजार के बावजूद संचालक वहां भी उपस्थित नहीं हुए। अब शिक्षा विभाग ने दोबारा जांच की तैयारी शुरू कर दी है।

