नारायणगढ़ उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने नागरिकों की जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। शिविर में परिवार पहचान पत्र, पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड और बिजली बिल से जुड़ी कई शिकायतों पर सुनवाई की गई।
राजेश वर्मा, अंबाला। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम शिवजीत भारती ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। समाधान शिविर इसी सोच का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करते हैं।
एसडीएम शिवजीत भारती ने कहा कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बीपीएल राशन कार्ड, बिजली, पेयजल, राजस्व तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्य करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
अधिकारियों के समक्ष रखीं विभिन्न समस्याएं
शिविर में गांव कक्कड़माजरा के ईश्वर सिंह ने सड़क निर्माण एवं पानी की निकासी की समस्या रखी। गांव बल्लोपुर के सुरेन्द्र कुमार ने बिजली का बिल अधिक आने की शिकायत दी। नारायणगढ़ के वार्ड-12 निवासी सुशील कुमार एवं कर्मचंद ने परिवार पहचान पत्र में जाति गलत दर्ज होने की समस्या बताई।
वार्ड-12 की किरण बाला तथा गांव दनौरा की अंगेजो ने वृद्धावस्था पेंशन लगवाने का अनुरोध किया। वार्ड-7 के सुरेन्द्र कुमार तथा गांव डेरा की रामकली ने परिवार पहचान पत्र में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली बिल दर्ज होने की शिकायत रखी। बड़ागांव के रवि कुमार तथा कालाआम्ब की नाज बानो ने परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन करवाने का अनुरोध किया।
वार्ड-7 की पूजा देवी ने परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्ज होने के कारण बीपीएल राशन कार्ड कटने की समस्या बताई। गांव खानपुर ब्राह्मणा की अमरजीत कौर ने विधवा पेंशन लगवाने तथा गांव अहमदपुर के संदीप कुमार ने परिवार पहचान पत्र में वाहन दर्ज होने से संबंधित समस्या प्रशासन के समक्ष रखी।
फैमिली आईडी जांच में मिली राहत
समाधान शिविर में गांव लालपुर के रोहित कुमार अपने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने के लिए पहुंचे थे। जब अधिकारियों ने उनकी फैमिली आईडी की जांच की तो पाया कि उसमें आय पहले से ही कम दर्ज थी। यह जानकारी मिलने पर रोहित कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार जताया। इसके अतिरिक्त कालाआम्ब के हर्ष कुमार, बड़ागांव के इरफान खान तथा गांव पिंजोड़ी की सपना ने भी परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन करवाने का अनुरोध किया।
शिविर में प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुनील कुमार, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसवीन्द्र सिंह बख्तुआ सहित नगरपालिका, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिजली निगम, बीडीपीओ कार्यालय, राजस्व विभाग, क्रिड, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


