भारतीय योग संस्थान नारायणगढ़ द्वारा अहलूवालिया धर्मशाला में वरिष्ठ योग साधक कुलदीप सिंह का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर योग साधकों ने विशेष एरोबिक्स एक्सरसाइज की और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया।

राजेश वर्मा, अंबाला। भारतीय योग संस्थान, नारायणगढ़ द्वारा अहलूवालिया धर्मशाला में आयोजित नियमित प्रातःकालीन योग कक्षा में वरिष्ठ योग साधक एवं स्कूल प्राध्यापक कुलदीप सिंह का जन्मदिन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी योग साधकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार को आयोजित इस विशेष सत्र में योगाभ्यास के उपरांत योग साधकों ने ऊर्जा और उत्साह से भरपूर म्यूजिक पर विशेष एरोबिक्स एक्सरसाइज की। एरोबिक्स सत्र का संचालन वरिष्ठ योग साधक संजय धीमान, विनोद कुमार, मीनाक्षी वालिया एवं मनीषा शर्मा ने किया। इस दौरान सभी योग साधकों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

पार्क में किया पौधारोपण

इसके पश्चात सभी योग साधक नवाब जस्सा सिंह अहलूवालिया पार्क पहुंचे, जहां “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नगरपालिका नारायणगढ़ के सहयोग से पौधारोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि पौधारोपण के दौरान हल्की बारिश की बूंदाबांदी भी होती रही, लेकिन योग साधकों का उत्साह कम नहीं हुआ।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। योग साधकों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

युवाओं को जोड़ने की पहल

भारतीय योग संस्थान के संजय धीमान ने बताया कि युवा वर्ग को योग से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार योगाभ्यास के साथ म्यूजिक पर विशेष एरोबिक्स एक्सरसाइज भी करवाई जा रही है। इस नई पहल से योग साधकों का अच्छा सहयोग मिल रहा है और वे उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रहे हैं। संस्थान का उद्देश्य योग को अधिक आकर्षक एवं जन-जन तक पहुंचाना है ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।

इस अवसर पर वरिष्ठ योग साधक संजय धीमान ने बताया कि भारतीय योग संस्थान नारायणगढ़ परिवार द्वारा अहलूवालिया धर्मशाला में प्रतिदिन प्रातः 4:50 बजे से 6:00 बजे तक निःशुल्क योग कक्षा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने नगरवासियों से आग्रह किया कि वे इस निःशुल्क योग कक्षा से जुड़कर नियमित योगाभ्यास करें तथा स्वस्थ, प्रसन्न और निरोग जीवन का लाभ प्राप्त करें।

इस अवसर पर वरिष्ठ योग साधक रामनाथ धीमान, मनोज वालिया, विनोद कुमार, अमित वालिया, अजय धीमान, मान सिंह, एडवोकेट लाजपत, महिपाल यादव, परवीन वालिया, गुलशन, नवीन सैनी, लाला नरेश, ऋतु सैनी, मीनाक्षी वालिया, मनीषा शर्मा, शशि ठाकुर, सतविंदर कौर, सोनल, संगीता, सुकृति सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।