दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में सरकारी मूंग की खरीदी क्या शुरू हुई, मानों भ्रष्टाचारियों की ‘चांदी’ कट गई! माखन नगर के कनकधारा वेयरहाउस में एक बार फिर करोड़ों रुपये की सरकारी मूंग में सेंधमारी का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं। जहां गरीबों के पेट में जाने वाली मूंग में मिलावट कर अफसरों और माफियाओं ने अपनी जेबें भरी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम टीम ने जब कनकधारा वेयरहाउस पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। 21.12 करोड़ की लगभग 27 हजार क्विंटल मूंग की बोरियों में सिर्फ मिलावट ही नहीं थी, बल्कि कई बोरियां तो पूरी तरह से मिट्टी से लबालब भरी हुई थीं। धांधली पकड़े जाने के डर से आनन-फानन में संयुक्त जांच दल ने वेयरहाउस को सील कर दिया है और सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं।
ये भी पढ़ें: किसने किया घटिया निर्माण ? पहली ही बारिश में बह गए दो चेकडैम, गुणवत्ता पर उठे सवाल
पहले भी मूंग चोरी कर भरी गई थी मिट्टी
यह कोई पहली बार नहीं है जब नर्मदापुरम में ऐसा ‘मिट्टी-खिलाओ, नोट-कमाओ’ खेल हुआ हो। महज 5 महीने पहले ही एकलव्य वेयरहाउस से 4 करोड़ की मूंग चोरी कर उसमें रेत-मिट्टी भर दी गई थी। अब कनकधारा में वर्ष 2023-24 और 2024-25 की भंडारित मूंग में लक्ष्मी स्व सहायता समूह और सेवा सहकारी समिति बहाड़पुर की नाक के नीचे यह महाघोटाला अंजाम दिया गया।
क्या सलाखों के पीछे पहुंचेगा मास्टरमाइंड? कलेक्टर ने कही ये बात
हैरानी की बात यह है कि हर बार छोटे-मोटे प्यादे और वेयरहाउस संचालक तो जेल भेज दिए जाते हैं, लेकिन मप्र वेयरहाउस कॉर्पोरेशन और खरीदी विभाग के ‘मलाईदार’ पदों पर बैठे बड़े अफसरों की कुर्सी को खरोंच तक नहीं आती। इस पूरे मामले में कलेक्टर सोमेश मिश्रा का कहना है कि शासकीय योजनाओं में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और दोषियों पर सख्त वैधानिक व आपराधिक कार्रवाई होगी। अब देखना यह है कि इस 21 करोड़ के महाघोटाले में असली ‘मास्टरमाइंड’ सलाखों के पीछे जाते हैं या फिर हर बार की तरह मामला फाइलों में ही दफन हो जाएगा!

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


