दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में पवित्र नर्मदा मैया के किनारे और खेतों की आड़ में इन दिनों नोटों की गड्डियों का खेल जोरों पर चल रहा है। सोशल मीडिया पर जुए के दो सनसनीखेज वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्होंने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
पहले वीडियो में दिन के उजाले में नदी किनारे जुआड़ियों की महफिल सजी दिख रही है। जमीन पर 500-500 के नोटों के बंडल, ताश के पत्ते और शराब की बोतलें साफ नजर आ रही हैं। वहीं दूसरे वीडियो में रात के अंधेरे में एक तिरपाल की झोपड़ी के अंदर 8 से 10 जुआरी गोल घेरा बनाकर लाखों के दांव लगाते दिख रहे हैं।
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; नौकर पर शक की सुई
चर्चा है कि यह पूरा हाई-टेक अड्डा माखननगर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाना के पास आमखेड़ी रेत खदान का है। जुआरी भी कम शातिर नहीं हैं। कारें सीहोर जिले के ग्राम नांदनेर में खड़ी करते हैं, फिर नाव में सवार होकर नर्मदा पार कर जुआ फड़ तक पहुंचते हैं। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
एसपी के निर्देश पर सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह और माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने सीहोर पुलिस के साथ मिलकर नांदनेर, ढाना और आमखेड़ी में ताबड़तोड़ सर्चिंग की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जुआरी रफूचक्कर हो चुके थे। एएसपी अभिषेक राजन का कहना है कि वायरल वीडियो की लोकेशन की पुष्टि की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


