दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिला मंगलवार देर शाम अचानक गोलियों की रफ़्तार से गूंज उठा। सड़क पर खाकी नहीं, बल्कि शराब ठेकेदार के ‘निजी गुर्गों’ की दादागिरी और फ़िल्मी स्टाइल चेज़ का ऐसा खूनी खेल देखने को मिला, जिसने दो बेकसूर ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचा दिया। मामला देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगरवाड़ा गांव का है।

​जानकारी के मुताबिक, पावरखेड़ा शराब दुकान की एक बोलेरो (MP 04 CP 2239) में सवार ठेकेदार के कारिंदे स्कूटी पर अवैध शराब की पेटियां ले जा रहे एक तस्कर का पीछा कर रहे थे। रफ्तार इतनी तेज़ थी कि मानो सड़क पर कोई एक्शन फिल्म की शूटिंग चल रही हो। शाम को जैसे ही यह गाड़ियां डोंगरवाड़ा गांव के संकरे मोड़ पर पहुंचीं तो बेकाबू बोलेरो गिट्टी के ढेर पर चढ़कर पलट गई।

ये भी पढ़ें: पेंचवेली ट्रेन के एसी कोच में आग: धुआं देख यात्रियों में मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

​बेकसूर ग्रामीण बने शिकार, मची अफरा-तफरी

​गाड़ी पलटते ही गिट्टी के भारी पत्थर गोलियों की तरह उछले और रास्ते से गुज़र रहे एक बेकसूर पुरुष और महिला को जा लगे। दोनों ग्रामीण मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। दर्दनाक हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ​खुद को घिरता देख और हादसे की भनक लगते ही चकमा देकर स्कूटी सवार तस्कर नौ दो ग्यारह हो गया, वहीं चोटिल बोलेरो सवार कर्मचारी भी गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गए।

​पुलिस की मशक्कत, ड्राइवर पर गिरेगी गाज़

​सूचना मिलते ही देहात थाने से एसआई खुमान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सीधा कराने में पसीना बहाती रही। ​देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में पत्थर लगने से एक महिला और पुरुष घायल हुए हैं। लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले बोलेरो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ​इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है क्या अवैध शराब रोकने का ज़िम्मा पुलिस का है या ठेकेदार के इन बेकाबू कारिंदों का, जिनकी रफ़्तार की सनक बेकसूरों की जान पर भारी पड़ रही है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m