दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद, आज नर्मदापुरम पुलिस ने अपनी “खाकी” को रंगों से सराबोर कर दिया। स्थानीय पुलिस लाइन स्थित पुलिस रक्षित केंद्र में एक लंबे अंतराल के बाद पुलिस होली का भव्य आयोजन किया गया। आईजी मिथिलेश शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. सांई कृष्ण एस. थोटा की विशेष पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सुबह 10 बजे से ही रक्षित केंद्र पर उत्सव का माहौल बन गया था। कार्यक्रम में आईजी मिथिलेश शुक्ला, कमिश्नर गोपाल कृष्ण तिवारी, कलेक्टर सोनिया मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. सांई कृष्ण एस. थोटा शामिल हुए। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। अधिकारियों की मौजूदगी ने पुलिस बल का मनोबल बढ़ा दिया, जिसके बाद पूरा परिसर रंगों और फाग के गीतों से गूंज उठा। ​काम के भारी दबाव से दूर, पुलिसकर्मी आज पूरी तरह मस्ती के मूड में नजर आए। डीजे साउंड और ढोल की थाप पर जहां जवानों ने जमकर डांस किया, वहीं कुछ पुलिसकर्मियों ने सुरीले गाने और फाग गाकर समां बांध दिया। 

अधिकारियों ने भी जवानों के साथ कदम से कदम मिलाकर डांस किया और पर्व की खुशियां साझा कीं। ​आईजी मिथिलेश शुक्ला  ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए एक शानदार शेर सुनाया और कहा, “हमारी टीम ने कड़ी मेहनत और ईमानदारी से ड्यूटी कर त्यौहार संपन्न कराया है, इसलिए आज हम गर्व के साथ यह खुशियां मना रहे हैं।  ​कमिश्नर गोपाल कृष्ण तिवारी ने कहा पूरी पुलिस टीम को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बधाई दी।वही कलेक्टर सोनिया मीना ने पुलिस टीम के अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।रक्षित केंद्र के अलावा जिले के सभी थानों और यातायात थाने में भी उत्साहपूर्वक होली खेली गई। जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर भाईचारे का संदेश दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m