दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया की सड़कों पर इन दिनों पुलिस का गश्त कम और ‘शराब ठेकेदारों के गुर्गों’ की दबंगई ज्यादा दिखाई दे रही है। मामला इतना गरमा गया है कि बीच सड़क पर एक युवक को उठाकर गाड़ी में ठूंसने और चप्पलों-थप्पड़ों से कूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। कहानी के पीछे की इनसाइड स्टोरी भी बड़ी दिलचस्प है।
बताया जा रहा है कि पिपरिया और बनखेड़ी में शराब का रेट MRP से काफी ऊपर चल रहा है, जबकि महज 12 किलोमीटर दूर शोभापुर में दारू 200 से 300 रुपये सस्ती मिल रही है। अब शौकीनों का झुकाव शोभापुर की तरफ होना लाजमी था। रामनगर निवासी बृजेश कहार भी 23 सितंबर को शोभापुर से 8 बोतलें लेकर लौट रहा था। तरौन रोड पर सफेद बोलेरो में आए 4 गुर्गों ने उसे रोका, बैग खंगाला और सीधे गाड़ी में लादकर ले गए। आरोप है कि रास्ते भर थप्पड़ों की बरसात हुई और दबाव बनाया गया कि वह कबूले कि सारी शराब बेचने के लिए ला रहा था।
ये भी पढ़ें: राजधानी में दिनदहाड़े लूट की कोशिश: घर में घुसकर बुजुर्ग पर बरसाए हथौड़े, केयरटेकर ही निकली मास्टरमाइंड!
पुलिस का ‘जादुई’ टाइम टेबल
मजेदार बात यह है कि घटना 23 सितंबर शाम 5 बजे की है, लेकिन पुलिस के रिकॉर्ड में बृजेश को शाम 5:55 बजे मोकलवाड़ी के पास 7 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार दिखाया गया। यानी पिटाई का वीडियो जब 2 दिन बाद वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस महकमा जागा। दबाव बढ़ा तो शुक्रवार-शनिवार की रात पुलिस ने आरोपी गब्बर, शशि, रोहित और राजू के खिलाफ किडनैपिंग और मारपीट की FIR दर्ज कर ली।
बीते दिनों युवक को बंधक बनाकर पीटा था
हालांकि, ठेकेदार अटल राय ने तुरंत पल्ला झाड़ते हुए कहा ये हमारे बंदे नहीं हैं। गंभीर बात यह है कि यह कोई पहली वारदात नहीं है। बीते 19 जुलाई को भी शोभापुर से शराब ला रहे एक युवक को 3 घंटे बंधक बनाकर पीटा गया था। सवाल उठता है कि क्या पिपरिया में आबकारी विभाग का काम अब ठेकेदार के प्राइवेट बाउंसर संभाल रहे हैं? क्या आपको लगता है कि इलाके में शराब की कालाबाजारी और गुंडागर्दी पर नकेल कसने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए? इधर, एसपी साई कृष्णा एस. थोटा का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


