नारनौल। हरियाणा के नारनौल में न्यू अटेली रेलवे स्टेशन के पास डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से RPSF जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के गांव झाल निवासी 36 वर्षीय प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के हुगली में तैनात था। घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

गांव बजाड़ के पास मिला शव
जीआरपी चौकी नारनौल को सूचना मिली थी कि न्यू अटेली रेलवे स्टेशन के पास गांव बजाड़ के नजदीक डीएफसी लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान प्रीतम सिंह के रूप में हुई।
हुगली में तैनात था जवान
प्रीतम सिंह रेलवे पुलिस स्पेशल फोर्स (RPSF) में तैनात था। उसकी वर्तमान पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के हुगली में थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद नारनौल जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
डीएफसी लाइन पर कैसे पहुंचा, जांच जारी
प्रीतम सिंह देर रात डीएफसी लाइन पर किस वजह से और किन परिस्थितियों में पहुंचा था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। जीआरपी इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी रेखा कौशिक के अनुसार, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
दो बच्चों का पिता था प्रीतम
बताया गया है कि प्रीतम सिंह के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। वह बिना बताए हुगली से छुट्टी लेकर घर आया था। परिजनों को उसके घर आने की जानकारी नहीं थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

