National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (07 फरवरी 2026) की खबरों में बांग्लादेश में निपाह वायरस की दस्तक, कश्मीर एकजुटता दिवस पर भारत के खिलाफ उगला जहर, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर PM मोदी ने ट्रंप का जताया आभार, US ने लगाए प्रतिबंध तो भड़के ईरान ने दे डाली धमकी

बांग्लादेश में निपाह वायरस की दस्तक
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार को बांग्लादेश में निपाह वायरस से एक महिला की मौत की पुष्टि की है। यह घटना जनवरी के अंत में उत्तरी बांग्लादेश में सामने आई थी, जिसने एक बार फिर इस घातक और तेजी से फैलने वाले वायरस के खतरे को चर्चा में ला दिया है। WHO के अनुसार, संक्रमित महिला में निपाह वायरस के लक्षण पाए गए थे और जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब दक्षिण एशिया के कई हिस्सों में निपाह वायरस को लेकर पहले से ही सतर्कता बरती जा रही है।

कश्मीर एकजुटता दिवस पर भारत के खिलाफ उगला जहर
तथाकथित कश्मीर एकजुटता दिवस के मौके पर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सक्रिय आतंकी संगठनों ने एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी की है। जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडरों ने सार्वजनिक सभाओं में भारत विरोधी भाषण देते हुए भारतीय शहरों को निशाना बनाने और सीधे जिहाद का आह्वान किया। खुफिया सूत्रों के अनुसार, इन सभाओं में आतंकी नेताओं ने न सिर्फ कश्मीर मुद्दे को लेकर भ्रामक दावे किए, बल्कि भारत के खिलाफ हिंसक कार्रवाई की खुलेआम धमकियां भी दीं। इन बयानों को पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क के मनोबल बढ़ाने और नए आतंकियों की भर्ती के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर PM मोदी ने ट्रंप का जताया आभार
भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। इस अहम प्रगति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका जैसे दो महान देशों के बीच इस अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बनना द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सराहना करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

US ने लगाए प्रतिबंध तो भड़के ईरान ने दे डाली धमकी
ईरान से तनाव के बीच अमेरिका ने उस पर नए प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे भड़के मध्य पूर्वी देश के विदेश मंत्री ने वॉशिंगटन को बड़ी धमकी दे डाली है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तो ईरान मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बनाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि इसे उन देशों के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, जहां ये अमेरिकी सैन्य ठिकाने स्थित हैं.

POK-अक्साई चिन पर पाकिस्तान और चीन को बड़ा झटका
भारत के साथ ट्रेड डील होते ही अमेरिका ने पाकिस्तान और चीन को बड़ा झटका दिया है। इस ट्रेड डील होने से दुनिया पहले से भारत की ताकत से खफा है। और अब अमेरिका ने पाक अधिकृत कश्मीर (POK) पर पाकिस्तान और अक्साई चिन पर चीन को करारा झटका दिया है। अमेरिका ने एक नक्शा जारी किया है, जिसमें पीओके और अक्साई चिन को भारत में दिखाया गया है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
मालेगांव में इस्लाम पार्टी की नसरीन बानो बनीं मेयर: महाराष्ट्र के मालेगांव नगर निगम में हुए मेयर चुनाव में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है. स्थानीय राजनीतिक दल इस्लाम पार्टी की उम्मीदवार नसरीन बानो शेख मालेगांव की नई मेयर चुनी गई हैं. उन्होंने शिवसेना की उम्मीदवार लता घोडके को 25 मतों के बड़े अंतर से हराकर यह जीत दर्ज की. इस चुनाव ने नगर निगम की राजनीति में नए समीकरण बना दिए हैं और सेक्युलर फ्रंट की ताकत को भी साफ तौर पर दिखा दिया है. ख़ास बात यह रही कि, शिवसेना के उम्मीदवार को रोकने बीजेपी और कांग्रेस ने हाथ मिलाया था जिसकी राजनीतिक गलियारों में अब भारी चर्चा है. (पढ़े पूरी खबर)
भारत में मुस्लिमों की आबादी कभी भी हिंदुओं से ज्यादा नहीं होगी: तेलंगाना के निजामाबाद में एक सभा को संबोधित असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मैं राज्यसभा में PM मोदी का भाषण सुन रहा था. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में आबादी बूढ़ी हो रही है, जबकि हमारे देश की आबादी जवान है. काश कोई खड़ा होकर देश के प्रधानमंत्री से पूछता कि अगर देश की 60 फीसद आबादी 40 साल से कम उम्र की है, तो आपने उनके लिए रोजगार के क्या मौके बनाए हैं? आपने इन लोगों को कौन से कौशल सिखाए हैं?” ओवैसी ने ये भी कहा कि बीजेपी ने भारत के नौजवानों के दिलों में एक असंतोष पैदा किया है. (पढ़े पूरी खबर)
हरियाणा के सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा: हरियाणा फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेला के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. मेले में लगी झूला अचानक टूट गया, जिससे वहां भीड़ में हड़कंप मच गया. हादसे के वक्त झूले के आस-पास काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसके चलते कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की बचाव के दौरान मौत हो गई. डीसी आयुष सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की मौत हुई है. (पढ़े पूरी खबर)
मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर जाएंगे. इसे मलेशिया में बसे भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. पीएम मोदी के स्वागत के लिए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है, जिसमें एक रिकॉर्ड बनाने वाला डांस प्रदर्शन भी शामिल होगा. जानकारी के मुताबिक, कुआलालंपुर में आयोजित होने वाले इस स्वागत समारोह में करीब 800 कलाकार एक साथ मंच पर उतरेंगे. (पढ़े पूरी खबर)
मेयर बनने से पहले रितु तावड़े का बड़ा बयान: मुंबई की मेयर का नाम फाइनल हो गया है और नई मेयर होंगी भाजपा की रितु तावड़े और डिप्टी मेयर होंगे शिवसेना शिंदे गुट के संजय घाड़ी। मेयर पद के लिए नामांकन भरने के बाद भाजपा नेता रितु तावड़े ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, हिंदू मराठी मेयर बनाने का जो वादा बीजेपी ने किया था, उसे बीजेपी ने पूरा करके दिखा दिया है। मुंबई का रंग भगवा है और ये रंग भगवा ही रहेगा। (पढ़े पूरी खबर)
भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर एक अहम प्रगति हुई है। दोनों देशों ने अंतरिम व्यापार समझौते (इंटरिम ट्रेड डील) की रूपरेखा पर सहमति बना ली है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस समझौते से भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), किसानों और मछुआरों के लिए करीब 30,000 अरब डॉलर के अमेरिकी बाजार तक पहुंच का रास्ता खुलेगा। मंत्री ने बताया कि इस फ्रेमवर्क के तहत भारत ने अपने संवेदनशील कृषि क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है। इनमें गेहूं, चावल, मक्का, सोयाबीन, पोल्ट्री, दूध, चीज, एथेनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियां और मांस शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अमेरिकी आयात को लेकर किसी प्रकार की रियायत नहीं दी गई है, जिससे घरेलू किसानों और कृषि आधारित उद्योगों के हित सुरक्षित रहेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


