हिसार. हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार रात तेज बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। हिसार के आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि से मौसम पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने सिरसा और फतेहाबाद के लिए बारिश और ओलों का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही हांसी, भिवानी और जींद में भी बारिश की भारी संभावना जताई गई है।

पानीपत, गुरुग्राम और नारनौल सहित कई जिलों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पानीपत, गुरुग्राम और नारनौल सहित कई जिलों में हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।

40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आगामी घंटों के लिए विभाग ने कैथल, रोहतक, सोनीपत और गुरुग्राम सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और ओले गिरने की चेतावनी भी दी गई है, जिससे किसानों और आम जनजीवन को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।