हिसार। हरियाणा में सोमवार से नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। प्रदेश के कई जिलों में तेज लू और धूल भरी हवाओं का असर देखने को मिला। सबसे ज्यादा तापमान सिरसा में दर्ज किया गया, जहां पारा 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 25 से 28 मई तक प्रदेश में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भीषण लू चल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

29 मई से बदल सकता है मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे हरियाणा के कई क्षेत्रों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 29 मई तक मौसम शुष्क रहेगा और दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाएं चलती रहेंगी। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव संभव है।

इन जिलों में अलर्ट जारी

यलो अलर्ट:
पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर।

ऑरेंज अलर्ट:
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।