कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधान पार्षद (MLC) नवल किशोर यादव ने आज पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान उनके साथ हजारों की संख्या में समर्थक और शिक्षक मौजूद रहे। कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरा, जिसके बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
आठवें वेतनमान और वित्त रहित शिक्षकों को लेकर हुंकार
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नवल किशोर यादव ने शिक्षकों के हितों के लिए बड़े वादे किए और अपनी जीत का पुरजोर दावा किया। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ सातवें वेतनमान पर ही नहीं रुकेंगे, बल्कि शिक्षकों के लिए आठवां वेतनमान भी लागू करवाएंगे। इसके साथ ही, वित्त रहित शिक्षकों के खातों में बकाये पैसे जल्द पहुंचाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के शिक्षक भली-भांति जानते हैं कि उन्होंने हमेशा सदन से लेकर सड़क तक शिक्षकों की आवाज को पूरी मजबूती के साथ उठाया है।
विपक्ष पर साधा तीखा निशाना
विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में कहा कि वे खुद शिक्षक हैं और इस क्षेत्र में उनकी गहरी पैठ है। उन्होंने विरोधी खेमों पर कटाक्ष करते हुए स्पष्ट किया कि वे कोई लफुआ या गैर-शिक्षक नहीं हैं, बल्कि शिक्षा जगत के सच्चे हितैषी और सेवक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक समाज उनकी सेवाओं को पहचानता है और इस चुनाव में उनका साथ देगा।
जीत के पुराने रिकॉर्ड तोड़ने का दावा
अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए नवल किशोर यादव ने कहा कि वे अपने ही जीत के पुराने रिकॉर्ड को खुद तोड़ते आए हैं और इस बार भी पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उनकी बंपर और ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी। उनके इस नामांकन और तीखे तेवरों ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

