हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गुरुग्राम में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 15 में से 13 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। सीएम ने अधिकारियों को स्वच्छता में लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी और कांग्रेस के कैंडल मार्च पर जमकर निशाना साधा।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष कुल 15 शिकायतें और समस्याएं रखी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं दो मामलों को लंबित रखते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अफसरों को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहर में अवैध रूप से C&D वेस्ट फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का समय पर समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही।
कांग्रेस पर बोला हमला
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कैंडल मार्च पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं के नाम पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नौकरियों में सबसे ज्यादा धांधली और बंदरबांट हुई, जबकि वर्तमान सरकार ने छात्रों और युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाब एक्साइज विभाग की भर्ती प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, लेकिन कांग्रेस इस पर चुप है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह युवाओं और छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहा है।


