अंबाला में 250 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मुख्यमंत्री ने कहा- किसी प्रतिभाशाली बच्चे की उड़ान संसाधनों की कमी से नहीं रुकेगी

कृष्ण कुमार सैनी,अंबाला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की उड़ान संसाधनों की कमी के कारण नहीं रुकेगी। शिक्षा में समान अवसर, पारदर्शिता और योग्यता का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता है कि उसे अपनी मेहनत पर भरोसा है, न कि सिफारिश या खर्ची-पर्ची पर। योग्यता और पारदर्शिता ही नए हरियाणा की पहचान बन चुकी है।

मुख्यमंत्री बुधवार को अंबाला में आयोजित उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार-2026 समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 70 से अधिक विद्यालयों के 10वीं, 12वीं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 250 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल छात्रों की सफलता का नहीं, बल्कि माता-पिता के त्याग और शिक्षकों की तपस्या का भी सम्मान है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की चमकती आंखों में उन्हें विकसित भारत और विकसित हरियाणा का भविष्य दिखाई देता है। किसी में वैज्ञानिक, किसी में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक और देश का नेतृत्व करने की क्षमता नजर आती है। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन जीवन में आचरण और संस्कार ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनाते हैं। डिग्री रोजगार दिला सकती है, लेकिन सम्मान संस्कार दिलाते हैं।

2047 के विकसित भारत में युवाओं की होगी सबसे बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। विकसित भारत केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, युवाओं के अनुसंधान, खिलाड़ियों की मेहनत और जिम्मेदार नागरिकों के चरित्र से बनेगा।

भर्ती में अब केवल योग्यता का सम्मान

नायब सैनी ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। पहले युवाओं को परिवारवाद और सिफारिश का डर रहता था, लेकिन अब अवसर सभी को समान रूप से मिल रहे हैं और चयन केवल योग्यता के आधार पर हो रहा है। इससे गरीब और सामान्य परिवारों के युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।

मिशन बुनियाद और सुपर-100 का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों के मेधावी और साधनहीन विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसे कार्यक्रमों से अनेक विद्यार्थियों का चयन आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में हुआ है। इसके अलावा प्रदेश में संस्कृति मॉडल स्कूल और पीएमश्री स्कूलों के माध्यम से शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर किया जा रहा है।

खेल नीति और कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रदेश की खेल नीति का परिणाम बताया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले खिलाड़ियों के लिए केवल “पदक लाओ-पद पाओ” की नीति थी, जबकि वर्तमान सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस पेपर लीक जैसी समस्या पर प्रभावी कानून नहीं बना सकी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून लागू किया है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री असीम गोयल, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी, पूजा फाउंडेशन के संस्थापक विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m