हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की AAP सरकार को 'लुटेरों की टोली' बताया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में उसकी “उल्टी गिनती” शुरू हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाएगी। अबोहर में आयोजित विशाल ओबीसी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पंजाब में नशा बेचने वाला “एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा”।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि अबोहर नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत प्रदेश में बदलाव का संकेत है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार को कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार “खोखले नारों और विज्ञापनों” तक सीमित रह गई है। उन्होंने पंजाब सरकार के ‘युद्ध-नशों के विरुद्ध’ अभियान को भी विफल करार दिया।

सैनी ने आम आदमी पार्टी को “लुटेरों की टोली” बताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व की “ईमानदारी का चोला उतर चुका है”। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को ₹1,000 प्रतिमाह देने की योजना को राजनीतिक हथकंडा बताया और आरोप लगाया कि इसका पंजीकरण तक शुरू नहीं हुआ। उन्होंने अबोहर नगर निगम को कम फंड दिए जाने का मुद्दा उठाते हुए पंजाब सरकार पर क्षेत्रीय उपेक्षा का आरोप लगाया।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सैनी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में हरियाणा में 55 हजार नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री Narendra Modi की नीतियों पर भरोसा जताती है तो किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए ऐसी ही योजनाएं पंजाब में भी लागू की जाएंगी।

सम्मेलन में हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री Ranbir Gangwa ने भी पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि भाजपा ही राज्य को इस दलदल से बाहर निकाल सकती है। कार्यक्रम में पंजाब भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।