Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए ने आज शुक्रवार (9, अक्टूबर) को विधायक दल की एक बड़ी बैठक बुलाई है। एमएलसी चुनाव को ध्यान में रखते हुए एनडीए की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। सीएम आवास में होने वाली इस बैठक में गठबंधन में शामिल सभी विधायक, सांसद और विधान पार्षदों को शामिल होने के लिए कहा गया है। बैठक में चुनाव की रणनीति के साथ-साथ उम्मीदवारों की स्थिति, गठबंधन के अंदर चल रहे खींचतान के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर भी चर्चा होगी।
गौरतलब है कि 8 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं, आज 9 अक्टूबर को नामांकन वापसी की अंतिम तारीख है।
जदयू के लिए चुनौती बने अनंत सिंह
एमएलसी चुनाव से पहले NDA के सामने सबसे बड़ी चुनौती खुद उसके अपने ही खेमे से सामने आ रही है। इसमें सबसे बड़ी चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हो रही है, जहां से जदयू उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार के विरोध में उनकी ही पार्टी के मोकामा से विधायक अनंत सिंह चुनौती बनकर खड़े हुए हैं। अनंत सिंह ना सिर्फ उनका विरोध कर रहे हैं, बल्कि वे जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खुला प्रचार करते हुए भी नजर आ रहे हैं।
ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की आज शुक्रवार को होने वाली NDA की बैठक में शामिल होने के लिए अनंत सिंह पहुंचते हैं या नहीं? बता दें कि इससे पहले एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू की ओर से भी एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें ना तो अनंत सिंह शामिल हुए थे और ना ही केंद्रीय मंत्री ललन सिंह।
RLM के 3 विधायक भी हुए नाराज
उधर आरएलम के तीन विधायकों के भी नाराजगी की खबर सामने आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि एनडीए के अंदर जदयू विधायक अनंत सिंह और आरएलएम के तीन विधायकों को अपने साथ जोड़ने कवायद चल रही है। बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। ताकि गठबंधन के भीतर किसी तरह के मतभेद का असर आधिकारिक उम्मीदवार पर न पड़े।
बिहार विधान परिषद की जिन 8 सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, तिरहुत, कोसी और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से फिलहाल 5 सीटें एनडीए के पास है।
संजय सरावगी ने बैठक को लेकर कही ये बात
NDA विधायक दल की बैठक पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, समय-समय पर NDA विधानमंडल की बैठक होती है। अभी विधान परिषद के 8 स्थानों पर चुनाव भी होने वाले हैं। जो सांसद पटना में उपलब्ध हैं, उनको भी सूचना दी गई है। विधान परिषद का चुनाव भी चल रहा है। उसके साथ-साथ और भी कई मामले रहते हैं। इन सभी मुद्दों पर आज मुख्यमंत्री के आवास पर एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी।
ये भी पढ़ें- सारण के बॉबी कुमार ने एशियन गेम्स में कांस्य जीतकर बढ़ाया बिहार का मान, CM सम्राट ने किया सम्मानित

