राकेश चतुर्वेदी, नीमच/भोपाल। नीमच जिले के मनासा तहसील के बरखेड़ा-बरखेड़ी मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बनी गांव स्थित गैलेक्सी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल के करीब 40 छात्र-छात्राओं से ठसाठस भरी एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के तुरंत बाद वैन का चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, वैन बरखेड़ा, बरखेड़ी और पावटी क्षेत्र के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए मुस्तैदी दिखाते हुए वैन में फंसे सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की इस तत्परता की वजह से एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया।

ये भी पढ़ें: CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर: कार पलटने के बाद गेंद की तरह हवा में उछले लोग, युवती की गई जान, आधा दर्जन घायल

प्रबंधन के खिलाफ फूटा गुस्सा

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षमता से अधिक बच्चे बिठाकर मासूमों की सुरक्षा के साथ सरेआम खिलवाड़ और लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ वाहन की फिटनेस, चालक की लापरवाही और इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही की बारीकी से जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश भी जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m