भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। करीब 8 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में वापसी करते हुए उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो कर फाइनल में जगह पक्की की।

चंडीगढ़। हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव के रहने वाले भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और ‘गोल्डन बॉय’ Neeraj Chopra ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। करीब 8 साल बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में वापसी कर रहे नीरज ने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर पदक की उम्मीद जगा दी है।

नीरज ने अपने अभियान की शुरुआत पहले प्रयास में 76.28 मीटर के थ्रो से की। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 79.61 मीटर दूर भाला फेंककर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

हरियाणा के लिए यह उपलब्धि बेहद गर्व की बात है। पानीपत के खंडरा गांव से निकलकर विश्व एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाने वाले नीरज चोपड़ा पहले ही ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन कर चुके हैं। अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं।

नीरज चोपड़ा ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद वह 2022 संस्करण में चोट के कारण हिस्सा नहीं ले सके थे। अब 2026 में उनकी वापसी के साथ भारतीय खेल प्रेमियों, खासकर हरियाणा के लोगों की निगाहें एक बार फिर उनके स्वर्णिम प्रदर्शन पर टिकी हैं।