कुंदन कुमार, पटना। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जदयू के निवर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों और एनडीए के बड़े नेताओं की मौजूदगी में अपना आधिकारिक नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह देखा गया, और नामांकन स्थल के बाहर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नीरज कुमार ने अपने विरोधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस प्रकार उनके नामांकन में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ता अपनी मर्जी और खुद के पैसे खर्च करके पहुंचे हैं, वह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पूरा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पार्टी का एक-एक सिपाही और नेता उनके पक्ष में एकजुट है, जिससे उनकी जीत पूरी तरह सुनिश्चित है।
इस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन ने यह दिखा दिया है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए पूरी ताकत के साथ उतर चुका है। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के जोश से यह साफ है कि आगामी चुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

