पटना, कुंदन कुमार। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के निवर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक को लेकर अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी नेता और कार्यकर्ता प्रखंड स्तर तक जाएं और विधान पार्षद (MLC) चुनावों में एनडीए उम्मीदवारों की मदद करें।
​मुख्यमंत्री ने विधायकों को यह भी याद दिलाया कि वे विद्यालय समितियों का हिस्सा होते हैं, इसलिए उन्हें शिक्षकों के बीच जाकर संवाद करना चाहिए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधान परिषद चुनावों में एनडीए के सभी आठों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना है। नीरज कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सहित तमाम दिग्गज नेता मौजूद थे। सभी के सामने यह रणनीति तय की गई है, और जो कोई भी इस लक्ष्मण रेखा से बाहर जाएगा, उसके खिलाफ गठबंधन द्वारा समय आने पर उचित कदम उठाया जाएगा।

​प्रशांत किशोर पर तीखा हमला और तीखे सवाल

​प्रेस को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि उन्होंने खुद प्रशांत किशोर की 14 फर्जी कंपनियों का पर्दाफाश किया था, लेकिन आज तक उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया है।
​नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे नीतीश कुमार पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार क्लाइमेट लीडर हैं और देश भर में उनकी एक सम्मानित छवि है। प्रशांत किशोर की तरह वे इधर-उधर की बातें करने वाले शख्स नहीं हैं। नीरज कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि उन्हें नीतीश कुमार का पूर्ण समर्थन प्राप्त है और वे जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार हैं। यह बात हर कोई जानता है, इसके बावजूद प्रशांत किशोर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी कि अगर प्रशांत किशोर में हिम्मत है, तो उनके द्वारा उठाए गए सवालों के तथ्यात्मक जवाब दें, न कि फालतू की बहस करें।